
जयपुर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, वैशाली नगर, जयपुर द्वारा चित्रकूट स्टेडियम में विशाल योग एवं राजयोग ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। “आध्यात्मिक जागृति द्वारा विश्व नवसृजन” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लेकर योग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत का उन्नत स्वरूप योग है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है।
सांसद एवं कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मन ही विकसित राष्ट्र की नींव हैं। विधायक गोपाल शर्मा ने योग को उत्कृष्ट जीवन जीने की कला बताया, जबकि पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर ने हर घर तक योग और ध्यान पहुंचाने का आह्वान किया।
ब्रह्माकुमारीज राजस्थान की क्षेत्रीय संचालिका बीके सुषमा दीदी ने कहा कि विश्व शांति का मार्ग व्यक्ति की आंतरिक शांति से होकर जाता है तथा राजयोग ध्यान आत्मिक शक्ति और सकारात्मक जीवन का आधार है।
दिल्ली से आए योगाचार्य दिनेश भाई ने योगासन, प्राणायाम एवं सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान अष्टांग योग और राजयोग ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ, नशामुक्त और तनावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर यादव महासभा के अध्यक्ष महेंद्र यादव, ब्रह्माकुमारीज की सेवाकेंद्र प्रभारी बीके चंद्रकला दीदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।