बीकानेर रेंज में नशा मुक्ति अभियान तेज, ड्रोन ड्रॉपिंग गिरोह समेत 1,463 आरोपी गिरफ्तार

Description of image

बीकानेर। पुलिस महानिदेशक, राजस्थान के निर्देशानुसार बीकानेर रेंज में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर “नशा मुक्ति जन-जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत श्रीगंगानगर जिले में अब तक आठ जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें हजारों नागरिकों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जनसभाओं और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल जन-जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। साथ ही आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों का उपयोग कर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई

रेंज में अब तक 57 इस्तगासे तैयार कर 57 कार्रवाई की गई है। इनमें श्रीगंगानगर में 29, हनुमानगढ़ में 15, बीकानेर में 12 तथा चूरू में 1 कार्रवाई शामिल है।

धारा 68-एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

मादक पदार्थ तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए अब तक 27 प्रकरणों में 17 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 30 संपत्तियां फ्रीज अथवा अतिक्रमण मुक्त कराई गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 17 करोड़ 63 लाख 15 हजार 547 रुपये है।

अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई

मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के 62 अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए, जिनमें से 54 अतिक्रमण ध्वस्त किए जा चुके हैं। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 30 करोड़ 95 लाख रुपये है।

एनडीपीएस एक्ट के अतिरिक्त अन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 12 अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 7 करोड़ 2 लाख रुपये आंकी गई है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अब तक 201 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें 156 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं तथा महिलाओं सहित प्रभावित परिवारों का नियमानुसार पुनर्वास भी किया गया है।

आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

केवल फायर आर्म्स से जुड़े मामलों में 254 प्रकरण दर्ज कर 281 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 271 अवैध हथियार (250 स्वदेशी एवं 21 विदेशी) जब्त किए गए।

25 फरवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रमुख उपलब्धियां

1,127 प्रकरण दर्ज

1,463 आरोपी गिरफ्तार

82.181 किलोग्राम हेरोइन जब्त

80,539 नशीली गोलियां बरामद

62,99,132 रुपये नकद जब्त

14,37,069 अन्य नशीली गोलियां बरामद

356 वाहन जब्त

ड्रोन ड्रॉपिंग पर भी बड़ी कार्रवाई

अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से तस्करी के 17 प्रकरणों का खुलासा कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 67.354 किलोग्राम हेरोइन, 985 ग्राम अफीम, 2 ड्रोन, 11 पिस्टल, 11 मैगजीन, 397 कारतूस, 2 कारें, 23 मोबाइल फोन तथा 1.61 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 : जिला निर्वाचन अधिकारी ने गठित किए 24 प्रकोष्ठ, प्रभारी एवं सह प्रभारी नियुक्त

  बीकानेर, 28 जुलाई। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की प्रारम्भिक तैयारियों और निर्वाचन सम…