
बीकानेर, 14 मई। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक गुरुवार को जिला नोडल अधिकारी एवं एसीईओ श्रीमती प्रियंका तलानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
एसीईओ श्रीमती तलानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु ग्राम स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य एवं सामाजिक सूचकांकों में गुणात्मक सुधार लाना है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन हो सके।
बैठक में सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रिडमल सिंह राठौड़ ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में जिले की पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें कोलायत उपखंड की हदां एवं गुढ़ा, श्री डूंगरगढ़ की बाडेला, बीकानेर की कोलासर तथा पूगल की रामनगर ग्राम पंचायत शामिल हैं। इन ग्राम पंचायतों में 18 निर्धारित स्वास्थ्य सूचकांकों पर कार्य किया जा रहा है।
बैठक में आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक सहित पंचायती राज, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, वन विभाग तथा सांख्यिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।