
बीकानेर। पुलिस थाना कोलायत ने चोरी की वारदातों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल एवं विद्युत प्लांटों से चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई 7 से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। चोरी के सामान की बरामदगी एवं अन्य वारदातों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
दिनांक 25 जुलाई 2026 को परिवादी महावीर जाट निवासी विजय विहार कॉलोनी, बीकानेर एवं महावीर प्रसाद निवासी श्रीडूंगरगढ़ ने रिपोर्ट दी कि लाखासर स्थित उनके खेत के ट्यूबवेल से केबल, पानी की मोटर, ट्रांसफार्मर से एलटी लाइन तक के तार सहित अन्य सामान चोरी हो गया। इस संबंध में थाना कोलायत में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा तथा वृताधिकारी कोलायत श्री जयपाल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी श्री जसवीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने हुकमाराम पुत्र बालाराम मेघवाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी लाखासर तथा पनूमराम पुत्र मोहनराम मेघवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी लाखासर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने लाखासर से सांधक रोड पर डीपी चोरी करने, गडियाला गांधी रोड स्थित प्लांट से विद्युत तार चोरी करने, बज्जू-बांगड़सर रोड स्थित प्लांट से विद्युत तार चोरी करने तथा टेचरी स्थित बंद प्लांट से तीन-चार बार विद्युत तार चोरी करने की वारदातें स्वीकार की हैं। पुलिस द्वारा चोरी किए गए माल की बरामदगी एवं अन्य वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में पूछताछ जारी है।
वारदात का तरीका
दोनों आरोपी दिन के समय ट्यूबवेल एवं प्लांटों की रेकी करते थे और रात के समय मौका पाकर वहां से केबल, विद्युत तार एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग गांवों व ढाणियों में छिपते तथा अपनी पहचान छिपाने के लिए हुलिया भी बदलते थे।
गठित पुलिस टीम:
1. श्री जसवीर कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना कोलायत
2. श्री रोहित शांभरी, सहायक उप निरीक्षक
3. श्री लखपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक
4. श्री दीपक यादव, सहायक उप निरीक्षक, साइबर सेल
5. श्री दिलीप सिंह, सहायक उप निरीक्षक, साइबर सेल
6. श्री दीपेन्द्र कुमार, कांस्टेबल 1734
7. श्री अनिल कुमार, कांस्टेबल 1209