
बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत गजनेर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी एवं करीब चार वर्षों से फरार वांछित आरोपी भंवरताराम विश्नोई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2022 को नाकाबंदी के दौरान कमेड़सर फांटा पर ट्रक नंबर RJ19GB4351 की तलाशी में 1730 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। मामले में आरोपी राजेंद्र कुमार के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान राजेंद्र कुमार ने डोडा पोस्त भंवरताराम विश्नोई के कहने पर झारखंड के चाईबासा से परिवहन करना बताया था।
प्रकरण में भंवरताराम विश्नोई गिरफ्तारी के डर से करीब चार वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना गजनेर पुलिस द्वारा उसके रिश्तेदारों एवं परिचितों की जानकारी जुटाकर निगरानी रखी जा रही थी तथा जोधपुर ग्रामीण डीएसपी से भी सूचना का आदान-प्रदान किया गया।
पुलिस द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी भंवरताराम विश्नोई को उसके एक अन्य साथी के साथ 714 ग्राम अफीम एवं 8 लाख रुपये के साथ थाना मंडोर, जोधपुर आयुक्तालय द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उक्त प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट के तहत 27 अगस्त 2026 को गजनेर पुलिस ने गिरफ्तार किया।
आरोपी को 28 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की पुलिस अभिरक्षा प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से 1730 किलोग्राम डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
गठित पुलिस टीम:
श्री ओमप्रकाश सुथार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना गजनेर
श्री हरवीर सिंह, हेड कांस्टेबल 4005
श्री जोगाराम, कांस्टेबल 735
श्री वीरेन्द्र सिंह, डीआर 1421