
बीकानेर। संत शिरोमणि श्री तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में गंगाशहर स्थित रिद्धि-सिद्धि गार्डन, नोखा रोड में श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7:30 बजे श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में रिदम और लय के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। नारायण सोनी ने म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था संभाली। ताल-मृदंग और भक्तिमय धुनों के बीच बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों ने भाव-विभोर होकर सुंदरकांड का सामूहिक गायन किया। इसके बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा श्रीरामायण की आरती में सभी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन में बच्चों सहित समाज के विभिन्न सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यश, अनिरुद्ध, मेघना सोनी, दीक्षित चौहान, ईशानी शर्मा सहित अनेक बच्चों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। सोसायटी के बागवान रामजी एवं सफाई कर्मचारी विष्णु ने भी श्रम सेवा प्रदान की।
कार्यक्रम में भगवान दास रामावत, श्रीमती रतन देवी, जेठमल रामावत, रामलाल प्रजापत, घनश्याम रामावत सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। व्यवस्थाओं में सुधार कुमार सोनी, मनोज गुलगुलिया, विनोद रामावत एवं उज्ज्वल बछावत ने सहयोग किया। योगेश भारद्वाज की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 100 छोटी पानी की बोतलों की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रसाद का वितरण व्यवस्थापक लक्ष्मण रामावत द्वारा किया गया। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से प्रबंधक लक्ष्मण रामावत के निरीक्षण में संपन्न हुईं।
अंत में श्रीराम की आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने ‘जय सियाराम’ के जयघोष के साथ संत शिरोमणि श्री तुलसीदास जयंती समारोह का समापन किया। उपस्थित भक्तगणों ने एक-दूसरे को शुभरात्रि एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।