
बीकानेर, 29 जुलाई। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी श्री संदीप छल्लानी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा दी तथा “से नो टू ड्रग्स” (Say No to Drugs) की शपथ दिलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश भी दिया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
कार्यक्रम के दौरान आईएफएस अधिकारी संदीप छल्लानी ने नशामुक्ति से संबंधित गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध एक उपयोगी मोबाइल ऐप की जानकारी भी विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के साथ साझा की।