
बीकानेर, 2 जून। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन तथा पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा मंगलवार को खाजूवाला के सरहदी क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने दो केडब्ल्यूएम में विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा 34 केवाईडी में मिशन सरहद संवाद के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। बीएसएफ की चौकी के अवलोकन के पश्चात वे रात्रि विश्राम के लिए सरहदी क्षेत्र में ही रुके।
जिला कलेक्टर ने दो केडब्ल्यूएम में बने सार्वजनिक उद्यान, खेल मैदान, विद्यालय में बने शेड तथा भ्रमण पथ का अवलोकन किया। यहां प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों से आवश्यक फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को सीमांत क्षेत्रों का नियमित दौरा करने और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
*मिशन सरहद संवाद के तहत की रात्रि चौपाल*
जिला कलेक्टर ने 34 केवाईडी में मिशन सरहद संवाद के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र के नागरिकों की आवश्यकताओं को जानने, उनकी समस्याएं सुनने और इनका निराकरण करने की दृष्टि से यह संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी 50 से अधिक समस्याएं रखी। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। जल संरक्षण, जल बचत और बूंद-बूंद पानी के सदुपयोग के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी दी तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना और इसके तहत हो रहे कार्यों के बारे में बताया।
पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने जिले में नशे के विरुद्ध चल रहे ऑपरेशन नीलकंठ की जानकारी दी तथा सीमांत क्षेत्र में नशे की प्रभावी रोकथाम में नागरिकों के सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में रहने वाले नागरिक अतिरिक्त जिम्मेदारी और प्रत्येक स्थिति पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, बीएसएफ सदैव आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके पश्चात जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बीएसएफ की सिसाड़ा बीओपी का अवलोकन कर रात्रि विश्राम किया।
इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिलीप कुमार, उपखंड अधिकारी श्री पंकज गढ़वाल, विकास अधिकारी श्री गोपाराम, तहसीलदार श्रीमती राजकुमारी सहित जिला और ब्लॉक स्तर के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।