
बीकानेर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संभागीय केन्द्र सादुलगंज, बीकानेर की ओर से सोमवार को पांच दिवसीय रक्षाबंधन पर्व के कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय केन्द्र में मुख्य कार्यक्रम 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित होगा।
इस दौरान विभिन्न संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों में सेवारत तथा शिक्षारत बंधुओं को मिठाई खिलाकर राखी का पवित्र बंधन बांधा जाएगा और उन्हें सकारात्मक एवं शुभ संकल्प के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सादुलगंज स्थित क्षेत्रीय केन्द्र प्रभारी बी.के. कमल ने मंगलभावना एवं दिव्य संदेश के साथ रक्षाबंधन सप्ताह की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व हमें नैतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों की स्थापना का संदेश देता है। पर्व को आत्मीय स्नेह के साथ शुद्ध आचरण, श्रेष्ठ व्यवहार और सकारात्मक संकल्प के साथ मनाना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रथम दिन बी.के. रजनी एवं बी.के. राधा ने अंध विद्यालय, मूक-बधिर विद्यालय, बौद्धिक दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र एवं सेवा आश्रम में पहुंचकर बच्चों तथा विद्यालय स्टाफ के भाल पर कुमकुम का तिलक लगाया। उन्होंने सभी का मुंह मीठा करवाकर कलाई पर ज्योति स्वरूप राखी बांधी तथा आध्यात्मिक संदेश देते हुए शुभ संकल्प करवाया।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं की कमजोरियों पर विजय प्राप्त करने, श्रेष्ठ संस्कार अपनाने और समाज में प्रेम, शांति एवं सद्भाव स्थापित करने का भी संदेश देता है।