
बीकानेर, 25 जून। एक ओर जहां आज की युवा पीढ़ी का एक वर्ग नशे की गिरफ्त में जकड़ता दिखाई दे रहा है, वहीं धर्म नगरी बीकानेर से निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर एक प्रेरणादायी तस्वीर सामने आई है।
सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी और पवित्र मानी जाने वाली निर्जला एकादशी पर जहां अनेक श्रद्धालु निर्जल रहकर उपवास करते हैं, वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर जनसेवा के कार्य भी किए गए। इसी क्रम में बाबा रामदेव पार्क के पास, जगदंबा आइसक्रीम फैक्ट्री की गली के कुछ किशोरों और युवाओं ने अपनी पॉकेट मनी से राहगीरों के लिए ठंडे-ठंडे दूध और गुलाब शरबत की व्यवस्था कर सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
तपती गर्मी और उमस के बीच इस सेवा कार्य ने राहगीरों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश भी दिया। इस सेवादार टीम में गौतम शर्मा, दीपक जी कल्ला, प्रतीक शर्मा, केशव कल्ला, जय रामावत, विष्णु, मनन और बसंत शामिल रहे। सभी युवाओं ने एक स्वर में कहा कि “नर सेवा ही वास्तविक नारायण सेवा है।”
युवाओं ने अपने इस सेवा कार्य के माध्यम से उन युवाओं को भी प्रेरित करने का प्रयास किया जो नशे की लत की ओर बढ़ रहे हैं। बाल एवं युवा मन में सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण की भावना का जागृत होना इस बात का संकेत है कि देश का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल हाथों में है। इस सेवा कार्य में बड़े भाई पंकज शर्मा का भी विशेष सहयोग रहा।