खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं विद्युत सुविधाओं की सौगात

Description of image

बीकानेर, 16 अगस्त। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को अपने एक दिवसीय बीकानेर प्रवास के दौरान खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य एवं विद्युत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल भी मौजूद रहे।

 

केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल एवं खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने मोतीगढ़ में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इस भवन के निर्माण पर 159 लाख रुपए की स्वीकृत राशि व्यय हुई है।

 

इसके पश्चात सत्तासर में 143 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 175 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से निर्मित 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया गया। इसके बाद खरबारा में159 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

 

*विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार : श्री अर्जुन राम मेघवाल*

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य, बिजली और अन्य आवश्यक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि मजबूत विद्युत तंत्र ग्रामीण विकास की आधारशिला है। सत्तासर में 33/11 केवी जीएसएस के लोकार्पण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

*क्षेत्र के विकास के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास : डॉ. विश्वनाथ मेघवाल*

 

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन तैयार होने से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी तथा सत्तासर में 33/11 केवी जीएसएस के शुरू होने से विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ सरकार के समक्ष रखा जा रहा है और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन विकास कार्यों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी खाजूवाला क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

 

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ पुखराज साध, बीसीएमओ डॉ मुकेश मीणा, डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, एडवोकेट श्री अशोक प्रजापत, श्री संतोषानंद महाराज, सत्तासर प्रशासक श्री बरकत अली,श्री बिल्लू खां कोहरी, श्री सवाई सिंह तंवर, श्री मुकेश शर्मा, श्री लक्ष्मण बुरिया, श्री डूंगर राम सेन समेत अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल 17 अगस्त को प्रातः 9 बजे सड़क मार्ग से बीकानेर से रवाना होकर हनुमानगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस बिल्वपत्र की महिमा और शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

बीकानेर। शिवबाड़ी स्थित श्री ज्योत भारती जी के धूणे पर चल रही श्री शिव महापुराण कथा के तृत…