बीकानेर। बज्जू थाना पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करवाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर वास्तविक भूमि मालिक के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को उप-पंजीयन कार्यालय में पेश करने तथा जमीन का मुख्तारनामा और बेचाननामा पंजीकृत करवाने का आरोप है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
ऐसे रची गई फर्जी रजिस्ट्री की साजिश
पुलिस के अनुसार, परिवादी सुरेशचंद्र गोयल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत सुरेशचंद्र के नाम से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार किए। इसके बाद रोही बीकमपुर स्थित सुरेशचंद्र के नाम की कृषि भूमि का मुख्तारनामा और बेचाननामा करवाने के लिए शिवनारायण को सुरेशचंद्र के स्थान पर दूसरे व्यक्ति के रूप में उप-पंजीयन कार्यालय, बज्जू में पेश किया गया।
इस तरह कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का मुख्तारनामा और बेचाननामा पंजीकृत करवा लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण संख्या 117/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अनुसंधान के दौरान निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. रानूप्रकाश उर्फ राणू: पुत्र नेमीचंद, उम्र 36 वर्ष, निवासी बांदा रामदेव रोड, पांच नंबर ट्यूबवेल के पास, सुजानदेसर, पुलिस थाना गंगाशहर, जिला बीकानेर।
2. शिवनारायण: पुत्र बिशनाराम, उम्र 38 वर्ष, निवासी हरिरामपुरा मोहल्ला, कब्रिस्तान के पास, नापासर, पुलिस थाना नापासर, जिला बीकानेर।
पुलिस दोनों आरोपियों से मामले में पूछताछ कर रही है। प्रकरण में अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।
इनके निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा और वृत्ताधिकारी कोलायत जयपाल सिंह के निकट सुपरविजन में बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम में शामिल
चंद्रजीत सिंह भाटी, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, बज्जू
झंवरलाल, सहायक उपनिरीक्षक
जोगेंद्र, कांस्टेबल
किशन, कांस्टेबल
