बीकानेर, 25 अक्टूबर। श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय ‘साइबर हाइजीन मॉडल यूनाइटेड नेशंस (CHMUN-2026)’ का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न शहरों के प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन गोपनीयता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-DAC), इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) तथा भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (ISEA) प्रोजेक्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर जागरूकता के साथ नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, डिजिटल सुरक्षा का दिया संदेश
कार्यक्रम के प्रथम दिवस आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), बीकानेर डॉ. राम गोपाल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सी-डैक, हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री सुमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, नवकार महामंत्र एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। साइबर हाइजीन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया गया।
शालाध्यक्ष श्री विजय कुमार कोचर के स्वागत संबोधन के बाद अतिथियों का अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों के प्रति सजग रहने, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सचिव सी.ए. माणक कोचर ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में अतिथियों, शालाध्यक्ष, प्रधानाचार्या, स्कूल मैनेजर्स, ज्यूरी सदस्यों, चेयरपर्सन्स, को-चेयरपर्सन्स, सहभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ जिम्मेदार नागरिकता और सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हैं।
संयुक्त राष्ट्र की तर्ज पर विद्यार्थियों ने किया साइबर सुरक्षा के मुद्दों पर मंथन
द्वितीय दिवस आयोजित विभिन्न समितियों में विद्यार्थियों ने अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर शोध, तार्किक विचार-विमर्श और वाद-विवाद किया। इस प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को समझने, अपने विचार प्रभावी ढंग से रखने, तर्क प्रस्तुत करने तथा सामूहिक समस्या-समाधान का व्यावहारिक अनुभव मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, कलेक्ट्रेट, बीकानेर के अतिरिक्त निदेशक श्री सत्येन्द्र सिंह राठौड़ रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, तकनीकी जागरूकता और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में ज्यूरी सदस्य श्री संदीप कुमार सरोवा, चेयरपर्सन्स सुश्री बबीता जैन एवं श्री मनोज कुमार तथा को-चेयरपर्सन्स श्री खुशराज बैद एवं सुश्री रुचि बैद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान
समापन समारोह में दोनों समितियों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
UNGA समिति के प्रमुख पुरस्कार:
– बेस्ट डेलीगेट — जर्मनी
– स्पेशल मेंशन — जापान
– बेस्ट स्पीकर — ऑस्ट्रेलिया
– बेस्ट पोजीशन पेपर — मिस्र
– हाइजीन चैंपियन — फ्रांस
– हाई कमेंडेशन — एस्टोनिया
UNHRC समिति के प्रमुख पुरस्कार:
– बेस्ट डेलीगेट — ग्रीस
– स्पेशल मेंशन — ओमान
– बेस्ट स्पीकर — जापान
– बेस्ट पोजीशन पेपर — फ्रांस
– हाइजीन चैंपियन — जर्मनी
– हाई कमेंडेशन — एस्टोनिया
पुरस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयगत समझ, शोध क्षमता, तार्किक प्रस्तुति, प्रभावशाली संवाद और सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण : प्रधानाचार्या
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी ने CHMUN जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान तलाशने का अवसर प्रदान करती हैं।
विद्यालय के सचिव सी.ए. माणक कोचर ने समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, ज्यूरी सदस्यों, चेयरपर्सन्स, को-चेयरपर्सन्स, सहभागी विद्यालयों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर तकनीकी शिक्षा, नवाचार और कौशल-आधारित अधिगम को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। CHMUN-2026 इसी शैक्षिक दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण पहल रही, जिसने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, वैश्विक मुद्दों, संवाद और सामूहिक समस्या-समाधान का अनुभव प्रदान किया।
