बीकानेर में बनेगा परशुराम ज्ञानपीठ की तर्ज पर ‘प्रज्ञान भवन’, विप्र फाउंडेशन ने बनाई कार्ययोजना

बीकानेर, 24 अक्टूबर। विप्र फाउंडेशन, जोन-1बी, बीकानेर की संयुक्त संगठनात्मक बैठक शनिवार को ब्रह्म बगीचा, धर्म नगर द्वार के पास प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज की एकजुटता, शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ संगठन के आगामी प्रकल्पों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख आकर्षण बीकानेर में जयपुर के श्री परशुराम ज्ञानपीठ की तर्ज पर ‘प्रज्ञान भवन’ का निर्माण शीघ्र शुरू करने की योजना रहा।

 

जिला अध्यक्ष सुभाष जोशी ने बताया कि विप्र फाउंडेशन के नाम आवंटित भूमि पर प्रस्तावित प्रज्ञान भवन को सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके निर्माण की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना पर पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। भवन के माध्यम से समाज को बैठकों, वैचारिक संवाद, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक आयोजनों के लिए साझा मंच उपलब्ध कराने की परिकल्पना है।

 

राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने जयपुर के श्री परशुराम ज्ञानपीठ और अरुणाचल प्रदेश के शक्तिपुंज परशुराम से जुड़े कार्यों एवं उनके सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन दोनों महाप्रकल्पों से जुड़ी 17 वर्षों की तपस्या, सामाजिक सहयोग और निरंतर प्रयासों की गौरवगाथा के उपलक्ष्य में 14 मार्च 2027 को विशेष आयोजन प्रस्तावित है।

 

बैठक में दिसंबर माह में अयोध्या में आयोजित होने वाले ‘राम से परशुराम’ कार्यक्रम में संगठन की सहभागिता को लेकर भी चर्चा हुई। प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने कहा कि कार्यक्रम में पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं पर समय रहते कार्य किया जाएगा।

 

महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रकला आचार्य ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से अरुणाचल प्रदेश के श्री परशुराम कुंड तक प्रस्तावित ‘श्रीराम से श्रीपरशुराम रथयात्रा’ की अवधारणा पर विचार साझा किए। बैठक में इस पहल को सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय एकात्मता के संदेश से जोड़ने तथा व्यापक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर मंथन हुआ।

 

इसके साथ ही पुष्कर घोषणा, बीकानेर में विप्र फाउंडेशन की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने की संभावनाओं तथा संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की गई। युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट पंकज पीपलवा ने प्रदेशस्तरीय बैठक के प्रस्ताव पर विचार रखे, जबकि युवा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास ने बताया कि युवा प्रकोष्ठ की ओर से बीकानेर शहर में वार्डवार सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं एवं विप्र बंधुओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक हर्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र ओझा, संयुक्त महामंत्री पंडित शिवनारायण शर्मा, संगठन महामंत्री अजय व्यास, पूर्व युवा प्रदेश संगठन महामंत्री दिनेश ओझा, जिला महामंत्री भवानी जाजड़ा, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सुमिता व्यास सहित राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, महिला एवं युवा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक सहयोग के साथ आगामी योजनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

रेलवे कर्मचारियों का फूटा आक्रोश, लालगढ़ स्टेशन पर गूंजा मांगों का मुद्दा

बीकानेर। भारतीय रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ की ओर से आयोज…