डूंगर कॉलेज में राजस्थान फिनिशिंग स्कूल की आईसीटी लैब का विधायक श्री जेठानंद व्यास ने किया शुभारंभ, चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू

Description of image

 

बीकानेर, 18 जुलाई। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार की संयुक्त पहल राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के अंतर्गत आईसीटी लैब का शुभारंभ शनिवार को बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने किया। इस अवसर पर विधायक श्री व्यास ने रेडियेशन बायोलॉजी सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया।

विदित है कि सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. आर. के. पुरोहित हैं। विधायक ने वेबसाइट के माध्यम से सोसाइटी की विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने बताया कि इस दौरान रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए। इन पाठ्यक्रमों का संचालन मोज़ैक कंपनी के माध्यम से किया जाएगा। सभी पाठ्यक्रम सरकार से मान्यता प्राप्त हैं तथा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले लगभग 70 प्रतिशत विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक श्री जेठानंद व्यास ने महाविद्यालय की आईसीटी लैब को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कंप्यूटर क्रय हेतु 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ना बेहद आवश्यक है। राजस्थान फिनिशिंग स्कूल जैसी पहल विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने कहा कि फिनिशिंग स्कूल विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे प्रतिस्पर्धी दौर में अधिक सक्षम बन सकेंगे।

 

मोज़ैक कंपनी के प्रतिनिधि श्री संजय गौड़ ने राजस्थान फिनिशिंग स्कूल की अवधारणा, संचालित किए जाने वाले चारों पाठ्यक्रमों तथा उनसे मिलने वाले रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाज के अनुसार शॉल, साफा एवं तिलक लगाकर सम्मान किया गया।

 

समारोह ने कौशल आधारित उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण तथा उद्योग जगत के साथ समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का संदेश दिया।कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के संकाय सदस्य डॉ. रमेश पुरी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

झपटमारी की वारदात का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; नकदी और सोने के आभूषण बरामद

  बीकानेर, 18 जुलाई। पुलिस थाना नयाशहर ने शहर में हुई छीना-झपटी की वारदात का सफल खुला…