रक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष पहल, वाटरप्रूफ राखी लिफाफे और राखी बॉक्स उपलब्ध

Description of image

बीकानेर, 30 जुलाई। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष वाटरप्रूफ एवं कटर-प्रूफ राखी लिफाफे तथा राखी बॉक्स उपलब्ध कराए हैं। बीकानेर मंडल के सभी डाकघरों में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ये विशेष पैकिंग सामग्री उपलब्ध करा दी गई है, ताकि बहनें अपने भाइयों तक राखी सुरक्षित और समय पर पहुंचा सकें।

बारिश के मौसम में राखियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तैयार किए गए इन विशेष लिफाफों में भेजी गई राखियों को नमी या अन्य कारणों से नुकसान नहीं होगा। विभाग ने राखी डाक के पंजीयन एवं वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त काउंटर भी संचालित किए जाएंगे, जिससे किसी भी बहन को राखी भेजने में असुविधा का सामना न करना पड़े।

डाक विभाग द्वारा दो प्रकार के विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। 11×22 सेंटीमीटर आकार का लिफाफा मात्र 10 रुपये तथा 15×26 सेंटीमीटर आकार का लिफाफा 15 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा 150×260×52 मिमी आकार का विशेष राखी बॉक्स 30 रुपये में उपलब्ध कराया गया है।

छोटे लिफाफे में एक या दो राखियां सुरक्षित भेजी जा सकती हैं। यह मुलायम एवं मजबूत कागज से निर्मित होने के साथ आकर्षक राखी थीम प्रिंटिंग से सुसज्जित है। बड़े लिफाफे में अधिक संख्या में राखियां भेजने के साथ रोली, चावल, चॉकलेट अथवा अन्य छोटे उपहार भी रखे जा सकते हैं। वहीं विशेष राखी बॉक्स में मिठाई, ड्राई फ्रूट, चॉकलेट सहित अन्य उपहार भी सुरक्षित रूप से भेजे जा सकते हैं।

डाक विभाग ने इस वर्ष विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी बहनों का स्नेह कम खर्च में पहुंचाने के लिए इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सर्विस की सुविधा उपलब्ध कराई है। इस सेवा के माध्यम से 30 से अधिक देशों में ट्रैकिंग सुविधा के साथ सुरक्षित राखी भेजी जा सकेगी। थाईलैंड सहित कई देशों में मात्र 185 रुपये तथा अमेरिका में 400 रुपये में राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध है। इस सेवा के साथ ट्रैकिंग, सुरक्षित पैकिंग तथा स्पीड पोस्ट जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

विभाग ने बताया कि इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए सभी डाकघरों में समय रहते विशेष राखी लिफाफे एवं राखी बॉक्स उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि बहनों द्वारा भेजा गया रक्षा सूत्र समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सके।

बीकानेर मंडल के अधीक्षक डाकघर ने आमजन से अपील की है कि रक्षाबंधन के अवसर पर अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपने नजदीकी डाकघर से विशेष राखी लिफाफे या राखी बॉक्स प्राप्त कर राखियां भेजें, जिससे उनका स्नेह सुरक्षित एवं समय पर अपने प्रियजनों तक पहुंच सके।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

पीएम फसल बीमा योजना की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 16 अगस्त तक करा सकेंगे खरीफ फसलों का बीमा

बीकानेर, 30 जुलाई। किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले फसल नुकसान स…