
बीकानेर, 24 जून। वंदे मातरम टीम बीकानेर के तत्वावधान में करणी नगर (लालगढ़) स्थित माताजी मंदिर के सी-ब्लॉक में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की छठी कड़ी का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे शंख वादक यशविंदर, सुधा आचार्य, संजय पाटिल एवं मंदिर के पुजारी भैरव द्वारा शंखनाद के साथ किया गया। इसके पश्चात शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता महंत स्वामी विमर्शनंद गिरी के सान्निध्य में प्रथम सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में तीन बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ तथा एक संगीतमय पाठ के साथ नवीन गोस्वामी एवं आरव गोस्वामी ने श्रीराम भजनों की प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी ने कहा कि प्रत्येक घर और मोहल्ले में सप्ताह में एक दिन कम से कम एक घंटे का मोबाइल उपवास रखते हुए सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने वंदे मातरम टीम के इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रयास की सराहना की।
अपने उद्बोधन में स्वामी विमर्शनंद गिरी ने कहा कि हनुमान चालीसा का केवल पाठ ही नहीं, बल्कि उसके अर्थ को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया हनुमान चालीसा का पाठ जीवन के बड़े से बड़े संकट को दूर करने की शक्ति रखता है।
इस अवसर पर बेणेश्वर बारी निवासी शांतिलाल भोजक की पुत्री इप्सिता शर्मा को बालकों में श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय कंठस्थ करवाने के उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र, श्रीराम दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी विमर्शनंद गिरी एवं विनायक जी का भी वंदे मातरम टीम द्वारा सम्मान किया गया।
आयोजन के संयोजक राकेश पाल, संतोष बांठिया, कन्हैयालाल पंवार, गजेंद्र भार्गव एवं श्याम सारड़ा रहे। कार्यक्रम में कामिनी भोजक, सुधा आचार्य, विजय कोचर, मालचंद जोशी, मुकेश जोशी, पुरुषोत्तम सुथार, शांतिलाल भोजक, कमल सेन, भवानी सुथार, श्यामसुंदर तिवारी, श्यामसुंदर सारड़ा, कुलदीप चौधरी, कैलाश मांझू, राकेश मित्तल, अनिल शर्मा, विनोद करोल, मुरली बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम टीम करणी नगर के राकेश पाल ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वंदे मातरम टीम के जिला संयोजक मुकेश जोशी ने किया।