संयम की राह पर अग्रसर होंगी मुमुक्षु प्रियल कोठारी, शनिवार को होगी भगवती दीक्षा; आज अभिनंदन, ओघा बंधाई और संयम अनुमोदना यात्रा

 

बीकानेर। धर्मनगरी बीकानेर में शनिवार को जैन धर्म की तप, त्याग और संयम परंपरा का अनुपम दृश्य देखने को मिलेगा। रतलाम की मुमुक्षु सुश्री प्रियल कोठारी आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा. के पावन सानिध्य में सांसारिक जीवन का त्याग कर संयम पथ पर अग्रसर होंगी। ज्ञान पंचमी के पावन अवसर पर छबीली घाटी स्थित सेवा सदन में सुबह सवा आठ बजे प्रवचन के पश्चात उनकी भगवती दीक्षा संपन्न होगी। दीक्षा से पूर्व शुभवेला में छबीली घाटी स्थित तरुण डागा के परिसर (वर्तमान वस्त्र परिवर्तन स्थल) से भव्य महाभिनिष्क्रमण यात्रा निकाली जाएगी।

 

दीक्षा समारोह में उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि सहित अनेक चारित्र आत्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर साधुमार्गी जैन संघ और समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

 

साधुमार्गी जैन सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि मुमुक्षु प्रियल कोठारी के परिजनों का बीकानेर पहुंचना शुरू हो गया है। शुक्रवार को छबीली घाटी स्थित सेवा सदन में प्रवचन के तुरंत बाद संघ की ओर से मुमुक्षु एवं उनके परिजनों का अभिनंदन किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे गंगाशहर मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में ओघा बंधाई का कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं शाम सवा सात बजे भक्ति संध्या के माध्यम से संयम जीवन की अनुमोदना की जाएगी।

 

समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि यह दीक्षा साधुमार्गी जैन संघ के लिए विशेष महत्व रखती है। आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा. के सानिध्य में संपन्न होने वाली इस भगवती दीक्षा के पश्चात हुक्म संघ में सतियों की संख्या 456 तथा संतों की संख्या 96 हो जाएगी। इस प्रकार संघ में कुल संत-सतियों की संख्या बढ़कर 552 हो जाएगी।

 

मुमुक्षु प्रियल कोठारी का सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर आत्मकल्याण और संयम के मार्ग को अपनाना समाज के लिए प्रेरणादायी अवसर होगा। इस पावन प्रसंग को लेकर बीकानेर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पांचू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 46 ग्राम अफीम और 266 ग्राम डोडा पोस्त के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

  बीकानेर। पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों …