बीकानेर/पांचू। आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पांचू पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध धारदार चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके एक अन्य साथी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांचू कस्बे में मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बनवारी नायक एवं मुरली नायक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं तथा अपने पास अवैध हथियार एवं चाकू रखते हैं। आरोप है कि वे आम नागरिकों को अवैध हथियार और चाकू दिखाकर धमकाते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी पांचू ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश एवं निगरानी शुरू की गई। इसी क्रम में 11 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने पांचू एवं थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बनवारी नायक को अवैध धारदार चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके साथी मुरली नायक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
चाकू पर लगी थी लाइट और कंपास
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी बनवारी नायक पुत्र सुखराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी पांचू के कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया। चाकू के एक तरफ नुकीले दांत एवं दूसरी तरफ धारदार हिस्सा था। विशेष बात यह है कि चाकू पर लाइट और कंपास भी लगा हुआ था। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपी बनवारी नायक से गहनता से पूछताछ कर रही है। वहीं मुरली नायक के विरुद्ध शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की गई है।
इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका
पुलिस कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़, सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास, हेड कांस्टेबल मांगीलाल एवं कांस्टेबल रामेश्वरलाल शामिल रहे।
पंचायतीराज चुनाव 2026 को देखते हुए पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
