
बीकानेर, 17.08.2026,छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। अनशन के दौरान श्रीकृष्ण गोदारा सहित उनके साथी अभिमन्यु जाखड़, रामनिवास चौधरी और सोनू जोशी की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बावजूद उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए अस्पताल में भी अनशन जारी रखा। लेकिन देर रात्रि को नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने डॉक्टरों की सलाह के बाद आन्दोलनकारियों की तबीयत ज्यादा बिगड़ती देख अस्पताल में भर्ती श्रीकृष्ण गोदारा सहित भर्ती आन्दोलनकारियों को ज्यूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया लेकिन चारो छात्रनेता अभी भी भर्ती हैं अस्पताल में।
कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने भाजपा सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर हठधर्मिता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की इस लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनके संघर्ष में हरसंभव सहयोग किया जाएगा और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा।
नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाली छात्रों की वाजिब और लोकतांत्रिक मांग है। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग को विधानसभा के पटल पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों की इस लड़ाई में वे उनके साथ हैं और उनकी मांगों को मनवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि इस अवसर पर शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, प्रदेश महासचिव डॉ राजेन्द्र मूँड़, अल्पसंख्यक विभाग के ज़िलाध्यक्ष सत्तू खान, संगठन महासचिव रमजान कच्छावा, राजेश गोदारा, गिरधारी कुकणा सहित बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।