बीकानेर, 26 नवंबर। भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (सीडीएसटी), बीकानेर में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर डेयरी उद्योग के विकास, दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और खाद्य क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पंकज थानवी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय की सह-आचार्य डॉ. परिणीता तथा उरमूल डेयरी, बीकानेर के प्लांट मैनेजर श्री ओम प्रकाश भाम्भू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. परिणीता ने डेयरी एवं खाद्य क्षेत्र में तेजी से उभर रही संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने इस क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को अपनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
वहीं, ओम प्रकाश भाम्भू ने दुग्ध उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण और उपभोग तक की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने देश में दुग्ध उत्पादन के आंकड़ों एवं वर्तमान परिदृश्य को साझा करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था और डेयरी उद्योग में दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुनील कुमार के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय दुग्ध दिवस की महत्ता तथा भारत को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में डॉ. वर्गीज कुरियन के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सोनिया मोर ने किया, जबकि डॉ. रीटा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
