बीकानेर, 29 अक्टूबर। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के पशुचिकित्सा औषधि विभाग में सहायक आचार्य डॉ. जय प्रकाश कच्छावा को पशु चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘प्रो. नीलेश शर्मा साइंटिफिक अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक पशुचिकित्सा स्नातकोत्तर शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, जयपुर में आयोजित कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया।
इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन पशु चिकित्सा आंतरिक और निवारक चिकित्सा सोसायटी द्वारा किया गया। डॉ. कच्छावा को यह सम्मान पशु चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में उनके अनुसंधान, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा ज्ञान के विस्तार के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. कच्छावा पशु चिकित्सा औषधि के क्षेत्र में शिक्षण एवं अनुसंधान के साथ पशु स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनका कार्य पशु चिकित्सा विज्ञान के विकास और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
यह सम्मान डॉ. कच्छावा के वैज्ञानिक प्रयासों एवं अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता की पहचान है। उनकी इस उपलब्धि से वेटरनरी विश्वविद्यालय और बीकानेर का गौरव बढ़ा है।
