विश्व उद्यमिता दिवस पर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में उद्यमिता एवं स्वरोजगार कार्यशाला आयोजित

Description of image

 

बीकानेर, 21 अगस्त। विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय शुक्रवार को में एक दिवसीय ‘उद्यमिता एवं स्वरोजगार कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, बाजार विश्लेषण, वित्त प्रबंधन, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य श्री के. के. सुथार, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा एवं आमंत्रित विशेषज्ञों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्राचार्य श्री के. के. सुथार ने स्वागत उद्बोधन में विश्व उद्यमिता दिवस की उपादेयता तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी विशेषज्ञों एवं अतिथियों का स्वागत किया।

 

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया। संयुक्त निदेशक, जिला उद्योग केंद्र श्रीमती दिव्या शर्मा ने उद्यमशीलता के क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रयोग एवं उनकी उपयोगिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

 

संयुक्त निदेशक, एनआईईएलआईटी (NIELIT) श्री कपिल नयाल ने विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए विभिन्न उपयोगी कोर्स एवं नए व्यावसायिक आइडिया पर विस्तार से चर्चा की। वहीं जिला इनक्यूबेशन केंद्र के डोमेन एक्सपर्ट श्री विपुल कुमार ने स्टार्टअप सेटअप करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा स्टार्टअप्स को दी जाने वाली सुविधाओं तथा iStart के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, जैसे ‘राजस्थान स्टार्टअप हंट’ एवं ‘आइडियाथॉन’ के बारे में भी जानकारी दी।

 

कार्यक्रम समन्वयक एवं सहायक निदेशक (ट्रेनिंग) श्री प्रशांत जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले ‘जॉब सीकर’ बनने के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफल उद्यमी बनने के लिए नवाचार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यशाला में संस्थान के संकाय सदस्यों मेजर एस. एल. राठी, प्रवक्ता (इलेक्ट्रॉनिक्स) श्री प्रशांत जोशी, प्रवक्ता (मैकेनिकल) श्री प्रमोद नाथ जस्ता, प्रवक्ता (विद्युत) श्री विक्रम कुशारी, प्रवक्ता (सिविल) श्री नंदू स्वामी एवं प्रवक्ता (फिजिक्स) श्री माहिपाल सिंह सहित विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन श्रीमती कमलप्रीत कौर द्वारा किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री कपिल जांगिड़ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी अतिथियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

राजकुमार किराडू का युवाओं से आह्वान—राजनीति को सेवा का माध्यम बनाएं

बीकानेर। नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच वरिष्ठ राजनीतिज्ञ राजकुमार किराडू ने पार्षद प…