
बीकानेर, 23 जुलाई। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत बागवानी फसलों के लिए जीवन रक्षक सिंचाई सुनिश्चित करने हेतु सामुदायिक जल स्रोत निर्माण पर कृषक समूहों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि अंतर्गत जिले में 306 लाख रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि 4 बीघा क्षेत्रफल के जल स्रोत निर्माण की इकाई लागत 24 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर 75 प्रतिशत (अधिकतम 18 लाख रुपये) का अनुदान देय होगा। सामान्य वर्ग के लिए 8 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 10 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। आवेदन राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं तथा योजना का लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। अनुसूचित जाति श्रेणी में पत्रावलियां कम प्राप्त हो रही है, लक्ष्य अनुरूप सामुदायिक जल स्त्रोत हेतु पत्रावलियां प्राप्त होते ही तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जानी है।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक जल स्रोत के लिए कम से कम तीन कृषकों का समूह तथा एक स्थान पर 40 बीघा भूमि होना आवश्यक है। कम भूमि होने पर क्षेत्रफल के अनुपात में छोटे आकार का जल स्रोत बनाकर अनुदान दिया जा सकेगा।
उप निदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम ने बताया कि आवेदन के साथ छह माह से अधिक पुरानी नहीं होने वाली जमाबंदी और नक्शा ट्रेस ऑनलाइन अपलोड करना होगा। जल स्रोत निर्माण के बाद सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के साथ उद्यानिकी फसलों की खेती करना अनिवार्य होगा। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार 90 दिनों में पूरा करना होगा तथा सुरक्षा संबंधी सभी प्रावधानों की पालना करनी होगी।