
बीकानेर, 19 जुलाई। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, बीकानेर जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष सुशील बंसल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, समाज में एकता बढ़ाने तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य आजीवन सदस्यता ग्रहण करेंगे तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। तय किया गया कि बीकानेर की सभी अग्रवाल संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय से इस वर्ष अग्रसेन जयंती पर भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। साथ ही समाज में पारिवारिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक गोठ का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में समाज में बढ़ते प्री-वेडिंग फोटोशूट के चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए सामाजिक मर्यादाओं एवं पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं योग्य युवक-युवतियों के विवाह में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए निकट भविष्य में भव्य परिचय सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
सदस्यों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक परिवार तक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पहुंचाने का संकल्प लिया, ताकि पात्र लोग योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, युवाओं को नेतृत्व में अवसर देने, आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नई पीढ़ी को संस्कारयुक्त वातावरण देने का भी संकल्प लिया गया।
पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए डिस्पोजल सामग्री एवं पॉलीथिन के उपयोग का बहिष्कार करने तथा पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन की गतिविधियों की नियमित समीक्षा एवं भावी योजनाओं के निर्माण के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, महामंत्री गोपाल अग्रवाल, जय किशन अग्रवाल, संपत जोहरी, प्रमोद कुमार देवड़ा, सुमन जैन, रवि राजवंशी, अंकित अग्रवाल (लूणकरणसर), शिवरतन अग्रवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं गणमान्य अग्रबंधु उपस्थित रहे। सभी ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा अग्रवाल समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।