
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेल यार्डों एवं आवासीय परिसरों में स्वच्छता और कार्यस्थल सुधार से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल के निर्देशन में बीकानेर, लालगढ़, सूरतगढ़, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हिसार, भिवानी, सादुलपुर सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं कार्यालय परिसरों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
*ई-कचरे का निस्तारण एवं अनुपयोगी सामग्री हटाने पर जोर*
अभियान के अंतर्गत ठोस कचरे एवं ई-कचरे का पृथक्करण कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया जा रहा है। कार्यालयों एवं रेल यार्डों में अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ को हटाकर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ पुरानी फाइलों एवं अभिलेखों का नियमानुसार प्रबंधन किया जा रहा है।
*स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान*
रेलवे परिसरों में एकल उपयोग प्लास्टिक को हतोत्साहित करने, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई तथा कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर कार्य-पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बीकानेर मंडल प्रशासन ने रेल यात्रियों से रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की है। मंडल में ‘ **स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’** के संकल्प के साथ विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत गतिविधियां निरंतर जारी हैं।