बीकानेर। छठ पूजा एवं दीपावली के त्योहारों पर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में उमड़ रही यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बीकानेर मंडल रेल प्रशासन ने सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन किया जा सके, इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के दिशा-निर्देशन में विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बीकानेर मंडल में वर्तमान में 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, वहीं यात्रियों को अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं। यात्रियों की आवश्यकता और भीड़ की स्थिति को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की संख्या में और वृद्धि भी की जा सकती है।
प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम
बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, भिवानी, चूरू और महेंद्रगढ़ सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेल कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में बीकानेर रेलवे स्टेशन पर लगभग 500 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान से पहले सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर ठहराना है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो।
टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर, डिजिटल भुगतान की सुविधा
यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसके लिए अधिक यात्री आवागमन वाले स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। इन काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा एटीवीएम मशीनों और रेलवन ऐप के माध्यम से भी यात्री आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
सीसीटीवी और वार रूम से 24 घंटे निगरानी
स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल एवं रेल अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से भी 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। रेल मदद पोर्टल पर मिलने वाली यात्रियों की शिकायतों का भी प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है।
घोषणाओं से यात्रियों को मिल रही पल-पल की जानकारी
स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की लगातार जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ का दबाव कम रहे और आवागमन व्यवस्थित बना रहे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षित यात्रा के लिए रेल कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों का सहयोग करें।
बीकानेर मंडल रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ पूजा एवं दीपावली के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
