बीकानेर। भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा का सपना देखने वाले राजस्थान के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। वर्ष 2027 की राजस्थान की चौथी सेना भर्ती रैली 30 जनवरी 2027 से बीकानेर में शुरू होगी। भर्ती रैली का आयोजन स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनूं द्वारा मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस रैली को मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान और बीकानेर के नागरिक प्रशासन का सहयोग प्राप्त होगा।
12 हजार चयनित अभ्यर्थियों को जारी हुए बुलावा पत्र
सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE)-2026 में शामिल हुए लगभग 12 हजार चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर बुलावा पत्र जारी किए गए हैं। भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास एवं 10वीं पास) श्रेणियों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
पारदर्शी और योग्यता आधारित होगी चयन प्रक्रिया
सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित होगी। चयन निर्धारित पात्रता मानदंडों और प्रक्रियाओं के अनुसार किया जाएगा। सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से चयन प्रक्रिया स्वचालित एवं पारदर्शी रखी गई है।
दलालों और फर्जी एजेंटों से रहें सावधान
सेना भर्ती अधिकारियों ने युवाओं को आगाह किया है कि वे किसी भी दलाल या फर्जी एजेंट के झांसे में न आएं। पैसे या किसी प्रकार के प्रलोभन के बदले सेना में भर्ती करवाने का दावा करने वाले लोगों से सतर्क रहें। सेना में चयन केवल योग्यता के आधार पर होता है और कोई भी व्यक्ति या एजेंसी भर्ती की गारंटी नहीं दे सकती।
अभ्यर्थियों को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज और पहचान संबंधी जानकारी अनधिकृत व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल भर्ती अधिकारियों या स्थानीय पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें जानकारी
भर्ती से संबंधित प्रमाणिक एवं विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं अथवा सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनूं से संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर ने भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राजस्थान के युवाओं से अनुशासन, समर्पण और योग्यता के बल पर भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का सपना साकार करने का आह्वान किया है।
भारतीय सेना में शामिल हों—गर्व के साथ राष्ट्र की सेवा करें।
जारीकर्ता: लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन, जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा), राजस्थान।
