बीकानेर, 22 नवंबर। पशु चिकित्सा शिक्षा को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर की पहल पर वेटरनरी महाविद्यालय के तृतीय वर्ष के स्नातक विद्यार्थियों ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले का शैक्षणिक भ्रमण किया। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास की नवीन पहल के तहत आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों को पशुधन की विविध नस्लों, उनके गुणों, स्वभाव एवं पशुपालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला।
डीन, वेटरनरी महाविद्यालय बीकानेर प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला धार्मिक आस्था, पशुधन व्यापार और राजस्थान की लोक संस्कृति का अनूठा संगम है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मेला देश-विदेश के श्रद्धालुओं, पशुपालकों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को आकर्षित करता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अश्व, ऊंट, बकरी सहित अन्य पशुओं की विविध नस्लों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने पशुपालकों से संवाद कर पशुओं के पालन-पोषण, नस्ल संरक्षण, प्रबंधन एवं उनकी दैनिक समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मेले में पशुओं की शारीरिक विशेषताओं, स्वभाव, उपयोगिता और नस्लीय गुणों को प्रत्यक्ष रूप से देखने-समझने से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिला। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल, पशुधन संबंधी समझ एवं भविष्य में पशु चिकित्सा सेवाओं के प्रति दृष्टिकोण को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के दल का नेतृत्व डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. कुसुमलता ने किया।
