बीकानेर, 21 नवंबर। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ बीकानेर की ओर से 29 नवंबर को 13वां रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के आयोजन को लेकर शनिवार को राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमन्त व्यास ने कुलगुरु सचिवालय में शिविर के बैनर का विमोचन किया।
वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के अधिष्ठाता प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि 29 नवंबर को भारत स्काउट एवं गाइड के स्थानीय संघ कार्यालय में आयोजित होने वाले इस रक्तदान शिविर में आमजन के साथ वेटरनरी विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक पीएमई प्रो. मनीषा माथुर, डॉ. अशोक डांगी सहित विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
