1930 पर बढ़ीं शिकायतें, ठगी की रकम में आई कमी; साइबर अपराधियों के खिलाफ बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी मुहिम

बीकानेर, 30 अक्टूबर। साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी के मामलों में आमजन को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से बीकानेर रेंज पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

 

रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 के आंकड़े साइबर अपराधों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई और बढ़ती जनजागरूकता को दर्शाते हैं।

 

1930 हेल्पलाइन पर तीन साल में 44,982 शिकायतें

 

साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर वर्ष 2024 में 12,624 शिकायतें प्राप्त हुईं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 15,009 तथा वर्ष 2026 में अब तक 17,349 हो गई। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 44,982 शिकायतें दर्ज हुईं।

 

ठगी की राशि के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 6,98,45,836 रुपये, वर्ष 2025 में 6,75,73,480 रुपये तथा वर्ष 2026 में अब तक 5,19,86,078 रुपये की ठगी दर्ज हुई। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वर्ष 2024 में 1,12,76,611 रुपये, वर्ष 2025 में 1,73,25,134 रुपये तथा वर्ष 2026 में 1,28,90,426 रुपये की राशि होल्ड करवाई गई।

 

CEIR पोर्टल से 13,789 मोबाइल फोन बरामद

 

गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी में CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से वर्ष 2024 में 4,281, वर्ष 2025 में 5,281 तथा वर्ष 2026 में अब तक 4,227 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस तरह तीन वर्षों में कुल 13,789 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।

 

वर्ष 2026 के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार बीकानेर में 381, श्रीगंगानगर में 616, हनुमानगढ़ में 2,963 तथा चूरू में 267 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

 

साइबर जागरूकता के लिए आयोजित किए कार्यक्रम

 

आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए रेंज में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2024 में 1,071, वर्ष 2025 में 1,916 तथा वर्ष 2026 में अब तक 1,420 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

इन कार्यक्रमों में ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों, बैंकिंग फ्रॉड से बचाव, संदिग्ध कॉल और संदेशों की पहचान तथा साइबर सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जा रही है। आमजन को किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा पोर्टल

 

पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए भारत सरकार के विभिन्न पोर्टल की जानकारी भी दी है—

 

– नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल: ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध एवं हैकिंग की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930।

– संचार साथी (Sanchar Saathi): गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करवाने तथा अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शन की जानकारी प्राप्त करने के लिए।

– चक्षु (Chakshu): संदिग्ध धोखाधड़ी वाले कॉल, SMS एवं WhatsApp संदेशों की रिपोर्ट करने के लिए।

– साइबर स्वच्छता केंद्र: मोबाइल एवं कंप्यूटर को मालवेयर और बॉटनेट से सुरक्षित रखने संबंधी जानकारी के लिए।

– CERT-In: साइबर सुरक्षा अलर्ट, तकनीकी सलाह एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए।

 

शिकायतों में बढ़ोतरी को पुलिस ने माना जागरूकता का संकेत

 

रेंज पुलिस के अनुसार पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण से सामने आया है कि 1930 हेल्पलाइन पर शिकायतों की संख्या में वृद्धि हुई है, जबकि ठगी की कुल राशि में कमी दर्ज हुई है। पुलिस का मानना है कि शिकायतों में बढ़ोतरी आमजन में जागरूकता और साइबर ठगी की घटनाओं की रिपोर्टिंग के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। वहीं ठगी की राशि को होल्ड करवाने में मिली सफलता भी त्वरित शिकायत और पुलिस कार्रवाई के महत्व को रेखांकित करती है।

 

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए रेंज के सभी जिलों को जागरूकता अभियान और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बीकानेर रेंज पुलिस की आमजन से अपील

 

पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की जानकारी CEIR पोर्टल पर दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड करवाने और मोबाइल फोन की बरामदगी की संभावना बढ़ सकती है।

 

बीकानेर रेंज पुलिस का ध्येय—आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री का हमला, SIR को बताया पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा

  बीकानेर। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने आज भाजपा कार्यालय में आयोजि…