
बीकानेर, 17 जुलाई। बीकानेर के पुलिस थाना नयाशहर ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी एवं दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार परिवादी शांति प्रसाद बिस्सा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल गोविंद पैलेस के सामने खड़ी की थी, लेकिन शाम को लौटने पर मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी थी। इस संबंध में नयाशहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी नगर अनुज डाल (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रामचंद्र विश्नोई (37) पुत्र हरचंदराम, निवासी गांव कुचौर अगुणी, थाना जसरासर (हाल निवासी बंगला नगर, बीकानेर) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी (आरजे-07 एसआर-1159) तथा दो मोटरसाइकिलें (आरजे-07 एसआर-0433 एवं एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल) बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरजीत कुमार, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक श्रवण सिंह, कांस्टेबल राजाराम एवं घनश्याम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी आरोपी की संलिप्तता की जांच कर रही है।