बीकानेर/पांचू। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिठाई की दुकान से 1 किलो 372 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे एक दिवसीय विशेष सघन अभियान ‘नशा मुक्त भारत’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा के निर्देशानुसार, नोखा वृत्ताधिकारी के निकट सुपरविजन में पांचू थाना प्रभारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
करणी जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन भंडार में तलाशी
पुलिस टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शिक्षण संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पांचू स्थित करणी जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन भंडार में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान से 1,372 ग्राम डोडा-पोस्त चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दुकान संचालक कुलदीप सिंह पुत्र विशाल सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी किसनासर, थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।
पुडि़या बनाकर बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी नशा करने वाले लोगों को डोडा-पोस्त चूरा की पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपी से मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ये पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी ईश्वर प्रसाद, उपनिरीक्षक संतोषनाथ, कांस्टेबल सुनील कुमार, लीलाराम, धन्नाराम तथा डीआर कांस्टेबल गणेशाराम शामिल रहे।
