बीकानेर। संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विष्णु साध पुत्र श्यामसुंदर साध, निवासी नृसिंह मंदिर के पास, जस्सूसर गेट, बीकानेर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ फायरिंग, डराने-धमकाने और अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे गंभीर अपराधों सहित नौ अन्य प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशन में संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व और वृत्ताधिकारी वृत्त नगर श्री अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक विक्रम तिवाड़ी तथा नयाशहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 278, दिनांक 14 अक्टूबर 2025 में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 111(3), 111(4), 111(5), 253(क)(ख) एवं 254 के तहत वांछित आरोपी विष्णु साध को तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ नौ अन्य मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदतन अपराधी बताया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने, फायरिंग कर दहशत फैलाने, धमकाने तथा अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इस प्रकरण के अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध नौ अन्य प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क, पूर्व में दर्ज मामलों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच कर रही है।
बीकानेर पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
