बीकानेर। पंचायत राज चुनाव 2026 एवं आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए रणजीतपुरा थाना पुलिस की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को थाने में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री मृदुल कच्छावा एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी वृत्त कोलायत श्री जयपाल सिंह जैतावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रणजीतपुरा श्री जगदीश सिंह ने बैठक आयोजित की।
बैठक में सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अफवाहों से बचने और भ्रामक सामग्री साझा नहीं करने की अपील
बैठक के दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें और किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन को सहयोग का आश्वासन
बैठक में मौजूद सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों, सुरक्षा सखियों और पुलिस मित्रों ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पुलिस का उद्देश्य आगामी पंचायत चुनावों और त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना तथा आमजन में विश्वास बनाए रखना है।
