बीकानेर, 30 अक्टूबर। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में 1 से 7 नवंबर तक ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान मिशन लाइफ के सात प्रमुख विषयों पर प्रतिदिन जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएगी। वन विभाग के उप वन संरक्षक श्री जी. वेंकटेश को नोडल अधिकारी तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजकुमार को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
*विभिन्न विषयों पर प्रतिदिन आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम*
जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ एक नवंबर को होगा। इस दिन ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ विषय पर योग, फिटनेस गतिविधियां, वॉकथॉन, साइक्लिंग, सक्रिय गतिशीलता तथा पौधारोपण कार्यक्रम तथा 2 नवंबर को ‘ऊर्जा बचाएं’ अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में स्विच ऑफ ऑवर (बिजली बंद रखने का समय) अभियान चलाया जाएगा। घरेलू ऊर्जा बचत, ऊर्जा दक्ष उपकरणों तथा जिम्मेदार शीतलन के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। इस प्रकार 3 नवंबर को ‘जल बचाएं’ विषय पर जल संरक्षण जागरूकता, जल लेखा परीक्षा, वर्षा जल संचयन तथा पारंपरिक जल प्रणालियों के संरक्षण एवं स्थानीय जल निकायों के पुनरुद्धार तथा 4 नवंबर को ‘सतत खाद्य प्रणालियां अपनाएं’ विषय के तहत बाजरा एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों को प्रोत्साहित करने, खाद्य अपशिष्ट में कमी लाने, खाद बनाने तथा रसोई बगीचों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों, संस्थाओं एवं स्थानीय बाजारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इसी प्रकार 5 नवंबर को ‘एकल उपयोग प्लास्टिक को ना कहें’ अभियान के तहत प्लास्टिक मुक्त बाजार परिसर विकसित करने तथा पुनः उपयोग योग्य थैलों एवं बोतलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक के विकल्पों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसी श्रृंखला में 6 नवंबर को ‘ई-कचरा कम करें’ अभियान के तहत अधिकृत पुनर्चक्रण केंद्रों के माध्यम से ई-कचरा संग्रहण अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समुदायों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत, पुनः उपयोग तथा जिम्मेदार निस्तारण के प्रति जागरूकता पैदा की जाएगी।
अभियान के अंतिम दिन 7 नवंबर को ‘कचरा कम करें’ विषय पर सामुदायिक स्वच्छता अभियान आयोजित होगा। इसके तहत कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही रिड्यूस एंड रीयूज सेंटर (आरआरसी) तथा स्थानीय कचरा प्रबंधन की अच्छी कार्यप्रणालियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने विभागीय अधिकारियों को पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के दौरान प्रभावी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित गतिविधियों में संबंधित विभागों एवं कार्मिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।
