बीकानेर, 30 अक्टूबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशनानुसार युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का चुनाव आयोग की वेबसाइट एवं ऑफलाइन प्रपत्रों के माध्यम से पंजीकरण करवाया गया।
अभियान में महाविद्यालय के युवा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और मतदाता के रूप में अपने अधिकार एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता दिखाई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को राज्य निर्वाचन आयोग के इस अभियान को अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचाना चाहिए। युवा ही राष्ट्र के कर्णधार हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही देश में स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास रखना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रेरणा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की थीम ‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ को सार्थक बनाने के लिए महाविद्यालय के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस दौरान क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) श्री रामकुमार रंगा ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा पंजीकरण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को समझाया।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार डाबला, डॉ. निर्मल कुमार रांकावत, डॉ. सुनीता मंडा, डॉ. सुमन कच्छावा सहित अनेक संकाय सदस्य एवं युवा विद्यार्थी उपस्थित रहे। अभियान में युवाओं ने उत्साह के साथ सहभागिता निभाते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
