बीकानेर। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के पद पर श्री अभिषेक गांधी के कार्यग्रहण करने पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मंडल सचिव कॉमरेड गणेश स्वरूप वशिष्ठ के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री गांधी का साफा एवं शॉल पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर बीकानेर की पावन धरा पर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि श्री अभिषेक गांधी का प्रशासनिक अनुभव और सकारात्मक कार्यशैली बीकानेर मंडल के रेल कर्मचारियों के हितों एवं कल्याणकारी कार्यों को नई गति प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि श्री गांधी इससे पूर्व मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जोधपुर में कार्मिक शाखा के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण तथा संगठन एवं रेल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सकारात्मक भूमिका निभाई। उन्होंने सदैव संवाद और आपसी सहयोग को प्राथमिकता देते हुए संगठन एवं प्रशासन के बीच सेतु के रूप में कार्य किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से बीकानेर मंडल में कर्मचारियों के कल्याण, सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण तथा कार्मिक हितों से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में कॉमरेड जितेंद्र चौधरी, मोहम्मद सलीम कुरैशी, अंसार अहमद, दीनदयाल सोलंकी, राजेंद्र खत्री, पवन कुमार बीकानेरी, आसुराम सोलंकी, शिवानंद, विनोद कुमार सनेल, अंकित भूकर, मनोज कुमार मारू सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
