बीकानेर। पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पांचू थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 46 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम और 266 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर लाल मीणा आरपीएस के निर्देशानुसार तथा वृत्ताधिकारी जयराम सिंह के निकट सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान राजकॉप मोबाइल एप के माध्यम से की गई। जांच में उसकी पहचान अब्दुल गफ्फार पुत्र जाबर अली, उम्र 33 वर्ष, निवासी हिंदौर, पुलिस थाना राजियासर, जिला गंगानगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 46 ग्राम अफीम और 266 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन नंबर RJ13GC5327 को भी जब्त किया गया है। मामले में विस्तृत अनुसंधान देशनोक थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुमन शेखावत द्वारा किया जा रहा है।
पहले भी शराब तस्करी के मामले में आ चुका है सामने
पुलिस द्वारा राजकॉप एप के माध्यम से आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि जनवरी 2026 में नापासर थाने में उसके खिलाफ अवैध शराब तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। उस प्रकरण में आरोपी से एक ट्रक में 980 कार्टन शराब बरामद की गई थी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, उमेद सउनि, रणाराम हेड कांस्टेबल, अनाराम हेड कांस्टेबल, सुनील कुमार, लीलाराम, भगवानाराम, मनोहराम कांस्टेबल एवं गणेशाराम डीआर कांस्टेबल शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है।
