बीकानेर। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जंग में समय पर पहचान, आधुनिक चिकित्सा तकनीक और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण सबसे महत्वपूर्ण हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर उपचार एवं अनुसंधान संस्थान में 12 नवंबर को कैंसर जागरूकता एवं अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा भौतिकी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैंसर को मात देकर जीवन की नई शुरुआत करने वाले विजेताओं का सम्मान किया गया, वहीं चिकित्सा विशेषज्ञों ने सटीक विकिरण उपचार और मेडिकल फिजिसिस्ट की अहम भूमिका पर विचार साझा किए।
संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के आचार्य डॉ. शंकरलाल जाखड़ ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। संस्थान की निदेशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. नीति शर्मा ने कहा कि रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में विकिरण भौतिकी के सिद्धांतों का प्रभावी उपयोग उपचार की सटीकता और मरीजों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। इसमें मेडिकल फिजिसिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
मैरी क्यूरी का संघर्ष और वैज्ञानिक समर्पण बना प्रेरणा
रेडियोलॉजिकल फिजिक्स की सहायक आचार्य डॉ. हेमलता ने अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा भौतिकी दिवस के इतिहास और महान वैज्ञानिक मैरी स्क्लोडोव्स्का-क्यूरी के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उनके वैज्ञानिक शोध, उपलब्धियों और कठिन परिस्थितियों में भी कायम रहे समर्पण को प्रेरणादायक बताया। इस दौरान वैश्विक स्वास्थ्य समानता को आगे बढ़ाने में चिकित्सा भौतिकी की नैतिक जिम्मेदारी पर भी चर्चा हुई।
कैंसर के खिलाफ जंग में जागरूकता और समय पर उपचार जरूरी
रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के सहायक आचार्य डॉ. राजेश कुमार सिंवर ने कैंसर जागरूकता पर व्याख्यान देते हुए बीमारी से बचाव, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व को समझाया। मेडिकल ऑन्कोलॉजी के आचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार बेनीवाल ने कहा कि कैंसर के बेहतर उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने मेडिकल फिजिक्स टीम के योगदान और कार्यक्रम के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिताओं में चिकित्सकों और प्रशिक्षुओं ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के तहत रेजिडेंट चिकित्सकों एवं प्रशिक्षु मेडिकल फिजिसिस्ट के लिए प्रश्नोत्तरी और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रश्नोत्तरी में डॉ. सेजल डोबाल, डॉ. मंजु इंखिया, डॉ. सान्या भट्टी और डॉ. गार्गी शर्मा विजेता रहे।
वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में रेजिडेंट चिकित्सकों की श्रेणी में डॉ. अनमोल मिड्ढा, डॉ. शुभांकित गर्ग और डॉ. नितेश बकोलिया तथा प्रशिक्षु फिजिसिस्ट की श्रेणी में हरीश वासन एवं किशन अंबालिया ने पुरस्कार प्राप्त किए। वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने विजेताओं को सम्मानित किया।
कैंसर विजेताओं के हौसले को सलाम, सम्मान पाकर भावुक हुए प्रतिभागी
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कैंसर विजेताओं का सम्मान समारोह रहा। कैंसर के कठिन दौर से संघर्ष कर जीवन की ओर लौटे विजेताओं के साहस, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति को नमन किया गया। इस अवसर पर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सीताराम महरिया, डॉ. मुकेश सिंघल, डॉ. शिवशंकर झंवर, डॉ. राजकुमार निर्बाण, डॉ. प्रमिला कुमारी, डॉ. पूनमचंद बाना और डॉ. अमित सिंह शेखावत ने सहभागिता निभाई। विशेषज्ञों ने संवेदनशील एवं समग्र कैंसर देखभाल की आवश्यकता पर जोर दिया।
सटीक विकिरण उपचार पर विशेषज्ञों ने किया मंथन
‘सटीक विकिरण उपचार एवं चिकित्सा भौतिकी’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में डॉ. कमलेश कुमार हर्ष, डॉ. गुमान सिंह, डॉ. श्वेता मोहता और डॉ. अथियामन ने अपने विचार रखे। विशेषज्ञों ने कैंसर उपचार में आधुनिक तकनीक, विकिरण की सटीकता और मरीजों की सुरक्षा के लिए मेडिकल फिजिक्स के महत्व को रेखांकित किया।
समापन पर रेडियोलॉजिकल फिजिक्स के सह आचार्य एवं विकिरण सुरक्षा अधिकारी डॉ. अथियामन एम. ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संस्थान से अब तक 15 विद्यार्थी मेडिकल फिजिक्स की इंटर्नशिप पूरी कर देश के विभिन्न हिस्सों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित एवं कुशल मेडिकल फिजिसिस्ट तैयार करना कैंसर रोगियों को सुरक्षित और सटीक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयोजन में विशेष योगदान के लिए डॉ. राजेश कुमार सिंवर तथा सहयोग के लिए डॉ. सुरेंद्र कुमार बेनीवाल, डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. शंकरलाल जाखड़ की सराहना की गई। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, रेजिडेंट्स, प्रशिक्षुओं, मेडिकल फिजिसिस्ट एवं कैंसर विजेताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सामूहिक छायाचित्र एवं जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
