छह साल की बैटरी वारंटी, चार साल में ही दम तोड़ गई रिवोल्ट RV 400 की बैटरी; ₹65,400 की मांग पर उपभोक्ता आयोग पहुंचा मामला, कंपनी को नोटिस

 

बीकानेर। इलेक्ट्रिक वाहनों की गुणवत्ता और कंपनियों के वारंटी दावों पर सवाल खड़े करने वाला मामला बीकानेर में सामने आया है। छह साल और एक लाख किलोमीटर की बैटरी वारंटी का दावा करने वाली रिवोल्ट कंपनी की RV 400 इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी महज चार साल में ही पूरी तरह खराब हो गई। बार-बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं मिलने और वारंटी में बैटरी बदलने से इनकार करने का मामला अब जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, बीकानेर पहुंच गया है। आयोग ने रिवोल्ट कंपनी सहित संबंधित विपक्षीगण को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने एवं आयोग के समक्ष उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।

 

परिवाद के अनुसार, बीकानेर निवासी मनीष पारीक ने वर्ष 2022 में 1 लाख 32 हजार 499 रुपये में रिवोल्ट RV 400 इलेक्ट्रिक बाइक खरीदी थी। परिवादी का आरोप है कि कंपनी ने वाहन की बैटरी पर छह साल अथवा एक लाख किलोमीटर की वारंटी दी थी, लेकिन करीब चार साल और 37 हजार किलोमीटर चलने के बाद ही बैटरी में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। शुरुआत में बैटरी में बार-बार चार्जिंग और अन्य तकनीकी समस्याएं आने लगीं, जिससे वाहन का उपयोग करना मुश्किल हो गया। अब स्थिति यह है कि बैटरी पूरी तरह डेड हो चुकी है और चार्ज भी नहीं हो रही।

 

परिवादी ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर स्थानीय सर्विस सेंटर, कंपनी के कस्टमर केयर और ई-मेल के माध्यम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि वारंटी अवधि में बैटरी खराब होने के बावजूद कंपनी ने उसे बदलने से इनकार कर दिया तथा नई बैटरी के लिए 65 हजार 400 रुपये की मांग की।

 

कंपनी की ओर से वारंटी का लाभ नहीं मिलने और लगातार परेशानी झेलने के बाद मनीष पारीक ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की शरण ली है। परिवादी ने आयोग से मांग की है कि वाहन की बैटरी बदलवाई जाए अथवा वाहन की पूरी कीमत ब्याज सहित वापस दिलाई जाए। इसके साथ ही मानसिक एवं शारीरिक परेशानी के लिए एक लाख रुपये क्षतिपूर्ति तथा परिवाद व्यय दिलाने की भी मांग की गई है।

 

मामले में आयोग द्वारा रिवोल्ट कंपनी सहित संबंधित विपक्षीगण को नोटिस जारी किए जाने के बाद अब कंपनी का पक्ष सामने आने का इंतजार है।

 

परिवादी मनीष पारीक की ओर से अधिवक्ता अनिल सोनी पैरवी कर रहे हैं।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

वाई-फाई डिटेक्टिव रोबोट ने दिलाया आरएसवी स्कूल को प्रथम स्थान, गरिमा और स्नेह की वैज्ञानिक प्रतिभा ने किया कमाल

  बीकानेर। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, बीकानेर की ओर से आयोजित खंड स्तरीय विज्ञान…