बीकानेर, 17 नवम्बर। गोपाष्टमी महापर्व के अवसर पर श्री गंगा जुबिली पिंजरा पोल गौशाला, लक्ष्मीनाथ मंदिर में गौमाता संकीर्तन एवं संतों के सानिध्य में भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में गौभक्तों ने भाग लेकर गौमाता की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल संत श्री छैल बिहारी जी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वचनों से हुआ। उन्होंने गौमाता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार गौमाता की सेवा और उनके प्रति श्रद्धा से मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने गौभक्तों को गौसेवा के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर श्री श्री 108 महामंडलेश्वर एवं राम झरोखा पीठाधीश्वर राष्ट्रीय संत श्री सूरजूदास जी महाराज ने गोपाष्टमी पर्व के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौमाता को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। सनातन धर्म की रक्षा, बच्चों में संस्कारों का निर्माण, भारतीय संस्कृति का संरक्षण और पर्यावरण की शुद्धता जैसे महत्वपूर्ण कार्य गौमाता की सेवा एवं रक्षा से जुड़े हैं।
महाराज श्री ने मातृशक्ति से समाज और राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनाने, भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने तथा आने वाली पीढ़ी के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश और समाज का भविष्य हैं तथा उनके माध्यम से ही संस्कृति और राष्ट्र की विरासत आगे बढ़ती है।
कार्यक्रम में पंडित गिरिराज जोशी एवं चंद्रेश अग्रवाल ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर भक्तिमय माहौल बना दिया। भजनों और संकीर्तन के बीच गौशाला परिसर गौमाता के जयकारों से गूंज उठा।
अंत में संस्था के मंत्री श्री भगवान अग्रवाल ने श्री श्री 108 सूरजूदास जी महाराज, बाल संत श्री छैल बिहारी जी सहित उपस्थित सभी संतों एवं गौभक्तों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
इस आयोजन ने गौसेवा, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और समाज में गौमाता के प्रति श्रद्धा एवं सेवा भाव का संदेश दिया।
