
बीकानेर, 22 अप्रैल। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के गावं और ढाणियों में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। सरकार के प्रयासों से अंतिम छोर तक बैठा व्यक्ति मुख्यधारा से जुड़ सका है।
खाद्य मंत्री ने बुधवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान यह बात कही। श्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री की अगुवाई में प्रदेश मे ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है, जिनका लाभ लक्षित वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार वृद्ध, युवा, महिला, किसान और दिव्यांग वर्ग के कल्याण के लिए कृत संकल्प है। आज हमारा प्रदेश विकास की नई कहानी लिख रहा है।
श्री गोदारा ने कहा कि लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में भी शिक्षा, चिकित्सा, पानी, बिजली और सड़क तंत्र सुदृढ़ हो रहा है। पहली बार गांवों में इतने विकास कार्य हो रहे हैं। सरकार के यह प्रयास आमजन को बड़ी राहत दे रहे हैं। वहीं क्षेत्र को लगातार अनेक सौगातें मिल रही हैं। इसी श्रृंखला में आज भी अनेक कार्य आमजन को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने बुधवार के कार्यक्रमों की शुरूआत किस्तूरिया में राजपूत समाज श्मशान भूमि पर 10 लाख रुपए की लागत से बने टीन शेड के लोकार्पण से की।
हंसेरा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से तैयार टीन शेड का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। ग्रामीण यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि आज सरकार गांव-ढाणियों तक शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है। ऐसे में हम सभी का संकल्प लें कि हम सभी को अधिक से अधिक पढ़ाएं, जिससे बच्चे आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
श्री गोदारा ने ऊंचाईडा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 16 लाख रुपये की लागत से तैयार दो कक्षा-कक्षों का लोकार्पण तथा दुलमेरा में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। वहीं धीरेरा स्टेशन पर 55 लाख रुपये की लागत से तैयार उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा सुधार हुआ है। उप स्वास्थ्य केन्द्र तक के संस्थानों में सुविधाओं की वृद्धि हुई है।
श्री गोदारा ने यहां 11 लाख रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उत्तमदेसर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 10 लाख की लागत से तैयार टीन शेड का लोकार्पण तथा बामनवाली में 11 लाख रुपये की लागत से तैयार लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए लाभदायक साबित होगी। युवाओं को बेहतर वातवारण मिलेगा, जो कि उनके लिए सफलता की नई राह खोलेगा।
इस दौरान कानाराम गोदारा, राकेश नायक, ओम गोदारा, उमा शंकर सोनी, हनुमान ज्याणी, दान नाथ, मोहन नाथ, आदुराम, गंगा राम मेघवाल, रणवीर सिंह,भानु प्रताप शर्मा, महावीर गोदारा, नारायण सिंह, गोपाल कुम्हार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।