
बीकानेर, 5 मई। ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को जिले के पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों की 25 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान ग्यारह हजार से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी रही। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई गई तथा विभिन्न विभागों का 25 हजार से अधिक साहित्य वितरित किया गया।
जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों और विकास अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अभियान का निरीक्षण किया।
नोखा उपखण्ड अधिकारी श्री गोपाल जांगिड़ ने जसरासर में आयोजित रात्रि चौपाल और जनसुनवाई में भागीदारी निभाई। इस दौरान बिजली, पानी, सड़क सहित विभिन्न विषयों से जुड़े प्रकरण प्राप्त हुए।
कोलायत उपखण्ड अधिकारी श्री राजेश नायक ने रावनेरी में आयोजित चौपाल में जनसुनवाई और रथ का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास अधिकारी श्री वीरपाल सिंह भी मौजूद रहे।
लूणकरणसर उपखण्ड अधिकारी श्री दयानन्द रूयल और विकास अधिकारी श्री किशोर कुमार ने ढाणी पांडुसर में ग्राम रथ अभियान का अवलोकन किया तथा संध्या चौपाल में जनसुनवाई की। इस दौरान पेयजल, विद्युत, प्रधानमंत्री आवास आदि से जुड़े 13 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें 9 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
खाजूवाला उपखण्ड अधिकारी श्री पंकज गढ़वाल ने सीमांत क्षेत्र 5 केवाईडी में ग्राम रथ अभियान का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार श्री श्रीवर्धन शर्मा ने आडसर में ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के बारे में भी बताया। जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को अभियान के बचे हुए दिनों में नियमित रूप से निरीक्षण करने, ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने सहित प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
*मंगलवार को इन स्थानों पर हुए आयोजन*
ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को लूणकरणसर विधानसभा के गोपल्यान, मनाफरसर, राजासर और ढाणी पाण्डुसर में, नोखा के सलूण्डिया, माडिया, सिंजगुरु, सुरपुरा और सिनियाल में, श्रीडूंगरगढ़ के डेलवा, उदरासर, जालबसर, सुरजनसर और आडसर में, खाजूवाला के माधोडिग्गी, सामरदा, 7 पीएचएम, कुंडल व 5 केवाईडी में तथा कोलायत विधानसभा के चकबन्धा नंबर 1, मढ, बीठनोक, गोविंदसर, मण्डाल चारनान व रावनेरी में रथों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।