
बीकानेर, 10 जून 2026। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 6 जून को विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान सियाग ने चेतावनी दी थी कि यदि पांच दिनों के भीतर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई मेडिसिन विंग को शुरू नहीं किया गया, अस्पताल की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तथा भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच प्रारम्भ नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी पीबीएम अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी।
सियाग ने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा ज्ञापन में वर्णित समस्याओं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही प्रशासन इन मुद्दों के प्रति गंभीर दिखाई दे रहा है। इसी कारण कांग्रेस पार्टी द्वारा 11 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे पीबीएम अस्पताल के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारम्भ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निम्नलिखित मांगों के समाधान तक यह धरना निरंतर जारी रहेगा—
करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई मेडिसिन विंग को तत्काल शुरू किया जाए।
पीबीएम अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
दवा चोरी, फर्जी भुगतान, चिकित्सा सुविधाओं की बदहाली तथा वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।
सफाई कर्मी, वार्ड बॉय, सुरक्षा कर्मी एवं कैंटीन ठेकों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की जाए।
नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में बेरोजगार युवाओं से रिश्वत लेकर नियुक्तियां देने के आरोपों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
वार्डों एवं शौचालयों में व्याप्त गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
मरीज भर्ती से लेकर दवा खरीद तक होने वाले कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए।
डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षरों एवं मोहरों का उपयोग कर महंगी दवाओं की चोरी तथा फर्जी बिलों के मामलों की जांच करवाई जाए।
कैंसर मरीजों के पीईटी स्कैन एवं हृदय रोगियों की एंजियोग्राफी से जुड़े भुगतानों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की वर्ष 2022 से अब तक की जांच करवाई जाए।
अस्पताल में स्टेंट, सिरिंज, कैनुला, बैंडेज सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
ट्रॉमा सेंटर, जनाना वार्ड तथा अन्य वार्डों में खराब पड़े एसी, कूलर एवं पंखों को शीघ्र ठीक कराया जाए।
नेत्र रोग विभाग में लेंस एवं दवाओं की कमी दूर की जाए।
पिछले आठ वर्षों से निर्मित जनाना गायनोकोलॉजी विभाग को तत्काल शुरू किया जाए।
सियाग ने कहा कि पीबीएम अस्पताल क्षेत्र के लाखों लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अस्पताल में व्याप्त समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।