
बीकानेर, 13 जून। देशनोक थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश तथा कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक श्री विशाल जांगिड़ के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा एवं वृत्ताधिकारी नोखा श्री जरनैल सिंह के सुपरविजन में देशनोक थाना पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया।
प्रकरण के अनुसार 30 नवंबर 2025 को देशनोक निवासी अशोक कुमार का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई थी। गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया। थाना प्रभारी श्रीमती सुमन शेखावत के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश में मुंबई, नई दिल्ली, गुरुग्राम, पुणे, अहमदाबाद, गांधीनगर सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था और मजदूर के रूप में काम कर रहा था।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी गोपालराम पुत्र बागाराम जाट (32 वर्ष), निवासी चितावा, थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले में विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
विशेष भूमिका: कांस्टेबल दिनेश (1313), पुलिस थाना देशनोक।
पुलिस टीम: थाना प्रभारी सुमन शेखावत, एएसआई चरण सिंह, कांस्टेबल रघुवीर सिंह, नारायणदान, दिनेश एवं डीआर कैलाशदान।