
बीकानेर, 10 जुलाई।होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 11 जुलाई को सायं 6:00 बजे कपिल धारा, बीकानेर में आयोजित होगा। यह आयोजन केवल शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बीकानेर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने तथा डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) के अध्यक्ष खुशाल पारीक ने बताया कि समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत तथा पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश, जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त एवं बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी सहित कई वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस एवं प्रशासनिक अधिकारी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा पर्यटन विभाग के अधिकारी, शहर के प्रतिष्ठित नागरिक, होटल व्यवसायी, पर्यटन उद्योग से जुड़े उद्यमी, कलाकार एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। Revenue Management Company RBS Retvens के प्रशांत मिश्रा तथा जयपुर की प्रतिष्ठित इवेंट कंपनियां Mapsor और Event Corner के प्रतिनिधि होटल उद्योग, पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग और आधुनिक हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट से जुड़े नवीन आयामों पर जानकारी देंगे।
फेडरेशन के संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने कहा कि बीकानेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। होटल फेडरेशन का उद्देश्य स्थानीय होटल उद्योग को संगठित कर पर्यटन को नई दिशा देना, निवेश आकर्षित करना तथा बीकानेर को देश-विदेश के पर्यटकों और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पसंदीदा स्थल के रूप में स्थापित करना है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शहर के होटल व्यवसायियों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।