
बीकानेर। स्वतंत्रता सेनानी स्व. मूलचंद पारीक स्मृति संस्थान, पारीक चौक, बीकानेर की ओर से जस्सूसर गेट स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय मूलचंद पारीक मूर्ति सर्किल पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
संस्थान के अध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने बताया कि पिछले कई वर्षों से मूर्ति सर्किल के आसपास विभिन्न ठेले एवं अस्थायी दुकानें लगाए जाने से सर्किल का सौंदर्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही प्लास्टिक कचरा फैलने, रेलिंग एवं चौकी का उपयोग किए जाने और आसपास गंदगी बढ़ने से स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति स्थल की गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर में स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्व. मूलचंद पारीक मूर्ति सर्किल पर लगातार अतिक्रमण होने के कारण इसकी उपेक्षा हो रही है। संस्थान ने प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति सर्किल के आसपास से अतिक्रमण हटाकर इसे स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुंदर बनाए रखा जाए।
संस्थान ने यह भी उल्लेख किया कि शहर के अन्य प्रमुख महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले सर्किल अतिक्रमण मुक्त हैं, जबकि स्व. मूलचंद पारीक मूर्ति सर्किल पर ही लंबे समय से अतिक्रमण बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
संस्थान अध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने विश्वास जताया कि नगर निगम प्रशासन स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति और सम्मान को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा तथा मूर्ति सर्किल को अतिक्रमण मुक्त कर उसकी गरिमा बनाए रखेगा।