
बीकानेर, 15 जुलाई। पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों के संगठन की पहली बैठक बुधवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में 40 से अधिक व्यापारियों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने तथा मार्केट के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में व्यापारियों की सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मुकेश शर्मा को अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह खालसा को उपाध्यक्ष, लोकेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा संजीव नंदा को सचिव मनोनीत किया गया। इसके अलावा सात सदस्यीय कार्यकारिणी में राजेश गुप्ता, भानु खत्री, ललित, महावीर, मयूर सोनी, सत्यनारायण तथा विपिन सोनी को शामिल किया गया।
बैठक में व्यापारियों ने पवनपुरी मेन मार्केट की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि बीडीए की सबसे पुरानी मार्केटों में शामिल होने के बावजूद यहां आज तक व्यापारियों और ग्राहकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
व्यापारियों ने बताया कि मार्केट में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्राहकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिश के दौरान दुकानों के सामने कई दिनों तक जलभराव बना रहता है। नई सड़क निर्माण के समय उचित ढलान और जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने से यह समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
बैठक में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पुराने स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए, लेकिन नए स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए। इसके कारण मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। व्यापारियों ने बताया कि पवनपुरी, बीडीए की एकमात्र व्यावसायिक मार्केट होने के बावजूद लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है।
नवगठित कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर सभी समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों की ओर से लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से अपनी आवाज बुलंद की जाएगी।
बैठक के अंत में नई कार्यकारिणी ने सभी व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने, मार्केट के विकास तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।