भारी बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Description of image

बीकानेर, 24 जुलाई। भारी वर्षा और अतिवृष्टि के कारण सड़कों पर जलभराव तथा यातायात प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग ने आमजन के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है।विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश होने की स्थिति में अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें।

 

एडवाइजरी के अनुसार बारिश के समय सड़कों के गीले होने से वाहनों की ब्रेक लगाने की क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में वाहन धीमी गति से चलाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विशेषकर रात्रि के समय निकलने से पहले वाहन की हेडलाइट, इंडिकेटर, ब्रेक तथा वाइपर की जांच अवश्य कर लें।

 

विभाग ने कहा है कि अंडरपास, रपट, नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की गहराई का अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे स्थानों से वाहन निकालने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए जलभराव वाले मार्गों से बचें और चेतावनी संकेतों का पालन करें।

 

परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए सतर्कता बरतें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

 

*जलभराव, ट्रैफिक जाम और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील*

 

विभाग ने नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने का आग्रह किया है।

 

एडवाइजरी में कहा गया है कि वर्षा के दौरान जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित हो सकता है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में घर या कार्यालय से निकलने से पहले मार्ग की यातायात स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम में ऐसे मार्गों से यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।

 

विभाग ने चारपहिया वाहन चालकों को चेताया है कि गहरे पानी में वाहन ले जाने से विद्युत प्रणाली (इलेक्ट्रिक सिस्टम) प्रभावित हो सकती है, जिससे वाहन के दरवाजे तक नहीं खुल पाते। साथ ही बारिश के दौरान विंडस्क्रीन पर धुंध जमने पर डी-फॉगर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

 

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, जलभराव वाले स्थानों पर रेलिंग एवं चेतावनी संकेत लगाने तथा खुले विद्युत तारों वाले क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नयाशहर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन मामलों में 10.555 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर, 24 जुलाई। पुलिस थाना नयाशहर ने पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नी…